चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, दौलत बने जिला पंचायत अध्यक्ष व लक्षमण उपाध्यक्ष

चमोली में जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, दौलत बने जिला पंचायत अध्यक्ष व लक्षमण उपाध्यक्ष

दिनांक : 2025-08-14 17:04:00

चमोली : त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के तहत गुरुवार को जिला पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष सहित ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए मतदान और मतगणना का कार्य शांतिपूर्ण संपन्न हो गया है। मतगणना के पश्चात जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने जिला पंचायत अध्यक्ष और जिला पंचायत उपाध्यक्ष को प्रमाण पत्र प्रदान किया। जबकि सभी ब्लॉक मुख्यालयों पर रिटर्निंग ऑफिसर्स ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर दिए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार को पर्यवेक्षक नंदन कुमार, जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संदीप तिवारी, सहायक निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश के साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष के पद प्रत्याशियों के नामित प्रतिनिधियों के सम्मुख प्रातः 10 बजे जिला पंचायत सभागार में मतदान की प्रक्रिया शुरू की गई। कार्यक्रम के अनुसार मतदान के बाद सायं 3 बजे मतों की गणना प्रारम्भ हुई। चमोली जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए मटई वार्ड से सदस्य के रूप में विजयी हुए दौलत सिंह बिष्ट व उर्गम वार्ड से विजयी रमा देवी की ओर से नामांकन किया गया था। गुरुवार को हुए मतदान में जहां दौलत सिंह बिष्ट ने 19 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। वहीं रमा देवी को 5 मत प्राप्त हुए। जबकि दो मत रद्द घोषित किए गए। साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष पद पर रानौ वार्ड से सदस्य के रूप में निर्वाचित लक्ष्मण सिंह और देवर-खडोरा वार्ड से विजयी जय प्रकाश पंवार चुनाव मैदान में थे। जिनमें से लक्ष्मण सिंह ने 15 मत प्राप्त कर उपाध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। जबकि जय प्रकाश के 11 मत प्राप्त हुए। जिसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने विजेता प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए।
चमोली जनपद के नौ विकास खंडों में ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पद के लिए मतदान और मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण रूप से संपन्न कराई गई। ज्योतिर्मठ के ब्लॉक प्रमुख पद पर अनूप सिंह नेगी ने 18 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी डॉ. मनोज रावत को 13 मतों से पराजित कर जीत दर्ज कर ली है। साथ ही ज्योतिर्मठ के ज्येष्ठ उप प्रमुख के पद पर गुड्डी देवी निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। कनिष्ठ उप प्रमुख के पद पर नरेश चंद्र ने जीत दर्ज की है।
पोखरी विकास खंड में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में राजी देवी ने 17 मत प्राप्त कर मीना देवी को 9 मतों से हराकर जीत दर्ज कर ली है। पोखरी ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर ऊषा देवी और कनिष्ठ उप प्रमुख पर शिव लाल ने जीत दर्ज की है। थराली विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख पद पर प्रवीण पुरोहित ने 15 मत प्राप्त कर भानु प्रकाश नेगी को 8 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की है। जबकि ब्लॉक प्रमुख पद पर हुए मतदान में एक मत रद्द घोषित किया गया है। वहीं ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर नवनीत सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर राजेश चौहान ने जीत दर्ज की है।
देवाल विकासखंड में प्रमुख पद पर तेजपाल सिंह ने 11 मत प्राप्त कर निकटतम प्रतिद्वंदी रमेश चंद्र सिंह को 3 मतों से पराजित कर दिया है। यहां ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर दीपक सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर पिंकी देवी ने जीत हासिल की है। कर्णप्रयाग विकास खंड में प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में दीपिका ने 16 मत प्राप्त कर महेश्वरी देवी को 1 मत से पराजित कर लिया है। ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर वीरेंद्र सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर मनवीर सिंह जीत दर्ज की है। दशोली विकासखंड में बिनीता देवी ने 20 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी विनीता आर्य को 12 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। वहीं ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर विपिन सिंह कंडारी और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर शालिनी खत्री विजयी हुए।
नंदानगर विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख पद पर हिमा नेगी ने 18 मत प्राप्त कर उमा देवी को 9 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। प्रमुख पद के लिए हुए मतदान में 1 मत रद्द घोषित किया गया। यहां ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर हीरा सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर यदुवीर सिंह ने जीत दर्ज कर ली है। गैरसैंण विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख पद पर दुर्गा देवी ने 23 मत प्राप्त कर सुमति बिष्ट को 6 मतों हराकर जीत दर्ज कर ली है। गैरसैंण के ज्येष्ठ उप प्रमुख के पद पर लीलाधर जोशी और कनिष्ठ उप प्रमुख पर हरदेव सिंह ने विजय प्राप्त की। नारायणबगड़ विकासखंड में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए हुए चुनाव में गणेश प्रसाद ने 14 मत प्राप्त कर यशपाल सिंह को 3 मतों से पराजित कर जीत दर्ज की। साथ ही ज्येष्ठ उप प्रमुख पद पर देवेंद्र सिंह और कनिष्ठ उप प्रमुख पद पर भूपेंद्र सिंह ने जीत दर्ज कर ली है।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने बताया कि जनपद में जिला पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, ज्येष्ठ उप प्रमुख और कनिष्ठ उप प्रमुख पदों के लिए निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण रुप से संपन्न कर ली गई है। उन्होंने त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों के सफल और पारदर्शी सम्पादन के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारियों को बधाई दी है।



Admin