उत्तराखण्ड बोर्ड 10वीं और 12वीं में बागेश्वर ने प्रदेश में पहला स्थान किया प्राप्त
दिनांक : 2026-04-26 14:46:00
देहरादून : वर्ष 2026 की परिषदीय परीक्षाओं में जनपद बागेश्वर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त कर एक गौरवपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। यह सफलता जनपद के शिक्षकों के समर्पण, विद्यार्थियों की मेहनत एवं अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
इस वर्ष इंटरमीडिएट परीक्षा में जनपद का परिणाम 94.81 प्रतिशत रहा, जिससे बागेश्वर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में 96.98 प्रतिशत परिणाम के साथ जनपद ने पुनः प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। समग्र रूप से भी बागेश्वर ने राज्य स्तर पर ओवरऑल प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 3237 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3201 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें 3035 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। वहीं हाईस्कूल परीक्षा में 3195 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 3150 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें 3055 छात्र-छात्राएं सफल रहे।
राज्य स्तरीय श्रेष्ठता सूची में भी जनपद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया। इंटरमीडिएट में गीतिका पन्त (स०वि०म०इ०कॉ० बागेश्वर) ने 98.00% अंक प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। खुशी काण्डपाल (रा०बा०इ०कॉ० कांडा) ने 96.40% के साथ 5वां स्थान प्राप्त किया। दीक्षा काण्डपाल एवं रोहित सिंह मेहता ने 94.60% अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से 14वां स्थान हासिल किया। विवेक सिंह देव (94.00%) 17वें, स्नेहा आर्या (92.80%) 23वें तथा अनीशा सिंह एवं आशीष लोहनी (92.60%) 24वें स्थान पर रहे।

हाईस्कूल परीक्षा में योगेश जोशी (वि०वि०म०इ०कॉ० बागेश्वर) ने 97.80% अंक प्राप्त कर प्रदेश में तृतीय स्थान प्राप्त किया। नैन्सी नगरकोटी (95.60%) 10वें, लोकेश सिंह नेगी (94.80%) 14वें स्थान पर रहे। तमन्ना ऐठानी (93.20%) 22वें, साक्षी मेहता (93.00%) 23वें तथा रविकान्त एवं नेहा ऐठानी (92.60%) 25वें स्थान पर रहे।

जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे ने वर्ष 2026 की परिषदीय परीक्षाओं में जनपद बागेश्वर के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है।

