चारधाम यात्रा को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, SSP सर्वेश पंवार ने ग्राउंड जीरो पर परखीं व्यवस्थाएं

चारधाम यात्रा को लेकर पौड़ी पुलिस अलर्ट, SSP सर्वेश पंवार ने ग्राउंड जीरो पर परखीं व्यवस्थाएं

दिनांक : 2026-05-08 00:19:00

पौड़ी : जनपद पौड़ी गढ़वाल में चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुगम बनाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। इसी क्रम में दिनांक 05.06.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा स्वयं श्रीनगर क्षेत्र में भ्रमण कर यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किर्तीनगर पुल से सिरोबगड़ तक मुख्य यात्रा मार्ग तथा वैकल्पिक मार्ग (पौड़ी चुंगी – बुगाणी – खिर्सू) का गहन अवलोकन करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश

कस्बा श्रीनगर को यात्रा के दृष्टिगत अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सभी कार्मिकों को सतर्कता, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित करने को कहा गया।  प्रभारी निरीक्षक श्रीनगर को क्षेत्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की 24×7 मॉनिटरिंग थाने स्तर से सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया।

यात्रियों की सहायता हेतु विशेष प्रबंध

पूरे यात्रा मार्ग पर अस्थायी पुलिस चौकियाँ एवं पर्यटन सहायता केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ प्रशिक्षित पुलिस कर्मी 24 घंटे यात्रियों की सहायता हेतु उपलब्ध रहेंगे।

अतिक्रमण व अव्यवस्थित पार्किंग पर सख्ती

नेशनल हाईवे पर मोटर मैकेनिक से जुड़े व्यवसायियों को अपने वाहनों को अनावश्यक रूप से सड़क पर खड़ा न करने तथा अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था

वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए श्रीनगर क्षेत्र में अतिरिक्त अस्थायी पार्किंग स्थल विकसित करने के निर्देश दिए गए।

आपदा प्रबंधन हेतु विशेष सतर्कता

यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ एवं जल पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं, जिन्हें आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के लिए अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए।

वैकल्पिक मार्गों का सुदृढ़ीकरण

चारधाम यात्रा मार्ग बाधित होने की स्थिति में उपयोग होने वाले वैकल्पिक मार्ग पौड़ी चुंगी – बुगाणी – खिर्सू – खेड़ाखाल – खाँकरा – रुद्रप्रयाग में पाई गई कमियों को संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए।

Admin