हरिद्वार में एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई, 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद
दिनांक : 2026-05-12 20:38:00
हरिद्वार। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत राज्य में नशे के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान में एसटीएफ/एएनटीएफ को बड़ी सफलता मिली है। सोमवार शाम हरिद्वार जनपद के लंढौरा क्षेत्र में एसटीएफ/एएनटीएफ और मंगलौर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। हालांकि पुलिस को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ के निर्देशों पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ द्वारा राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को एसटीएफ/एएनटीएफ टीम ने थाना मंगलौर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए लंढौरा क्षेत्र में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने मौके से 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई। बरामद कैप्सूल पर “Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride एवं Dicyclomine Hydrochloride Capsules” अंकित पाया गया। मौके पर बुलाए गए ड्रग इंस्पेक्टर हरीश ने जांच के बाद इन दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का बताया।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस टीम को देखकर फरार हो गए। जांच में फरार अभियुक्तों में से एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार के रूप में हुई है, जबकि उसके साथी की तलाश भी की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन कर दबिश शुरू कर दी है।
एसटीएफ/एएनटीएफ द्वारा अभियुक्तों के फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रशांत चौहान, दीपक नेगी तथा मंगलौर पुलिस टीम के उपनिरीक्षक राम बहादुर एवं कांस्टेबल नरेश शामिल रहे।

