जनता मिलन कार्यक्रम में फरियादियों ने रखी अपनी फरियाद
दिनांक : 2026-06-08 23:25:00
गोपेश्वर (चमोली)। जिलाधिकारी के जनता मिलन कार्यक्रम में 40 मामले दर्ज हुए। इनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सोमवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले भर से आए लोगों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर फरियाद की। इस दौरान 40 मामले दर्ज किए गए। इनमें अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। इस दौरान सिरण गांव की निवासी लीला देवी ने गांव के संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त होने की शिकायत दर्ज की। इस पर डीएम ने डीपीआरओ को मनरेगा के माध्यम से मार्ग निर्माण तथा लघु सिंचाई के अधिशासी अभियंता को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने चुपलागाड़ में जमा मलबे को हटाने की मांग उठाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएम ने एसडीएम कोएक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य प्रारंभ करने को कहा। अवतार सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने विस्थापन संबंधी मामला उठाया। इस पर एसडीएम तथा तहसीलदार को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस दौरान आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर डीएम ने जोर दिया। उन्होंने यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने पर बल देते हुए डीडीओ तथा स्वजल को राजजात मार्ग पर पर्याप्त शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। रणजीत सिंह, गुमान सिंह, संदीप समेत तमाम फरियादियों ने मामलों के तत्काल निस्तारण की गुहार लगाई।
डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फरियादों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, एसडीएम राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी केके पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नन्द किशोर जोशी आदि मौजूद रहे।

