कुंभ मेला कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेलाधिकारी सोनिका ने किया ध्वजारोहण 

कुंभ मेला कार्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, मेलाधिकारी सोनिका ने किया ध्वजारोहण 

दिनांक : 2026-08-16 01:18:00

  • कुंभ मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संपन्न कराने का संकल्प दोहराया

हरिद्वार । कुंभ मेला अधिष्ठान द्वारा सीसीआर परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोहपूर्वक एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। समारोह में मेलाधिकारी कुंभ मेला श्रीमती सोनिका ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर पुलिस गार्ड की टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के गायन के साथ ही उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को अक्षुण्ण बनाए रखने, राष्ट्र की प्रगति में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने तथा आगामी कुंभ मेले को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनायकों का भावपूर्ण स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता हमें अनेक महान सेनानियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद प्राप्त हुई है। आजादी के इस अमूल्य उपहार को सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।

मेलाधिकारी सोनिका ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं मेला कार्यों से जुड़े कार्मिकों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन हमें अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों के प्रति नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने सभी कार्मिकों का आह्वान किया कि वे अपने-अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करें तथा आमजन की सुविधा, सुरक्षा और बेहतरी के साथ-साथ राष्ट्र की प्रगति में अपना योगदान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि आगामी कुंभ मेला-2027 हरिद्वार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आयोजन है। देश-दुनिया से करोड़ों श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए मेला प्रशासन के सामने बड़ी जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता दिवस के इस गौरवशाली अवसर पर सभी अधिकारी एवं कर्मचारी आगामी कुंभ मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धालु-अनुकूल ढंग से संपन्न कराने के अपने संकल्प को और अधिक मजबूत करें।

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हरिद्वार और उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा, आतिथ्य और व्यवस्थागत क्षमता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का भी अवसर है। इसलिए मेला प्रशासन से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से टीम भावना के साथ कार्य करते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और हरिद्वार की गरिमा के अनुरूप कुंभ मेले को सफल बनाने का आह्वान किया।

समारोह में अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक संचार विपिन कुमार, क्षेत्राधिकारी अरुण पाल, टेक्निकल सेल के अधिशासी अभियंता प्रवीण कुमार सहित मेला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा कुंभ मेला से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं में कार्यरत श्रमिक उपस्थित रहे। समारोह का संचालन अपर सहायक अभियंता धर्मेंद्र सिंह ने किया।

इससे पूर्व मेलाधिकारी सोनिका ने एचआरडीए के तत्वावधान में इंद्रमणि बडोनी पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में बरगद एवं नीम के पौधे रोपित किए। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण और हरित हरिद्वार के संकल्प को मजबूत करने का संदेश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेते हुए समाज एवं पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना हम सभी की जिम्मेदारी है।

Admin