चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील बूथों पर रहेगी पैनी नजर

चुनावी तैयारियों को लेकर प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील बूथों पर रहेगी पैनी नजर

दिनांक : 2026-10-01 01:21:00

  • शस्त्र लाइसेंसों का एक माह में होगा सत्यापन, अवैध शराब-मादक पदार्थों पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश

पौड़ी । आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को लेकर जिला प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला स्तरीय इंटेलिजेंस कमेटी की बैठक में संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों, व्यय संवेदनशील बूथों, कानून-व्यवस्था, मतदाता जागरूकता, कार्मिक व्यवस्था और विशेष गहन पुनरीक्षण समेत निर्वाचन से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पिछली निर्वाचन प्रक्रिया के आंकड़ों और अनुभवों के आधार पर ठोस कार्ययोजना तैयार कर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।

संवेदनशील बूथों पर पहले से पुख्ता हों व्यवस्थाएं

जिलाधिकारी ने चिन्हित संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों पर निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक आश्वस्त सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने को कहा। मतदान केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, रैंप, फर्नीचर, छाया समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं का पूर्व सत्यापन कराने के निर्देश दिए गए। जिन केंद्रों पर किसी सुविधा की कमी है, उसे समय रहते दूर करने को कहा गया। मतदान केंद्रों तक पहुंचने वाले मार्ग और परिसर की स्थिति का भी निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

अवैध शराब और मादक पदार्थों पर कार्रवाई तेज

कानून-व्यवस्था की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने निवारक कार्रवाई प्रभावी बनाने के साथ ही अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए। शस्त्र लाइसेंसों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाकर इसे आगामी एक माह में पूरा करने को कहा गया। सभी उपजिलाधिकारियों को संबंधित क्षेत्राधिकारियों और आबकारी निरीक्षकों के साथ समन्वय बैठक कर अपने क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

सीमावर्ती तहसीलों में विशेष सतर्कता

जिलाधिकारी ने सीमावर्ती तहसीलों में विशेष सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध एवं संवेदनशील गतिविधियों की नियमित समीक्षा करने को कहा। संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई की प्रगति की प्रतिमाह रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन व्यय की दृष्टि से संवेदनशील विधानसभा क्षेत्रों और स्थानों के चिन्हीकरण तथा संवेदनशील क्षेत्रों की वल्नरेबिलिटी मैपिंग की भी समीक्षा की गई।

स्वीप अभियान से मतदाताओं को जोड़ने पर जोर

मतदाता जागरूकता के लिए जिला स्वीप कार्ययोजना को प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के मैनुअल ऑन स्वीप-2024 के अनुरूप जागरूकता गतिविधियां संचालित करने तथा निर्वाचन संबंधी प्रचार-प्रसार सामग्री तैयार कर विभिन्न माध्यमों से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करने को कहा।

कार्मिकों का डाटाबेस पहले से तैयार रखने के निर्देश

निर्वाचन के लिए आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता और तैनाती की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर कार्मिकों का विस्तृत डाटाबेस पहले से तैयार रखने तथा आवश्यकता के अनुसार श्रेणीवार कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। मतदान और मतगणना से संबंधित व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने 3 अक्टूबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करने को कहा। अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत मतदाताओं से संबंधित प्रकरणों का सत्यापन कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

फील्ड सूचनाओं के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट

बैठक में निवारक कानून-व्यवस्था संबंधी कार्रवाई और फील्ड स्टाफ से प्राप्त सूचनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों के संबंध में निर्धारित प्रारूप में रिपोर्ट तैयार करने तथा आवश्यकता के अनुसार संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसएसपी सर्वेश पंवार, सीडीओ अशोक जोशी, एडीएम एफआर चौहान, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, सीटीओ नमिता सिंह, राज्य कर अधिकारी वरुण रावत, बिलाल खान, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी मयंक शर्मा, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Admin