केंद्रीय विद्यालय कोटद्वार में हिंदी माह का समापन, कविता में काव्या, निबंध में प्रीति ने मारी बाजी
दिनांक : 2026-10-01 02:10:00
कोटद्वार। केंद्रीय विद्यालय कोटद्वार में हिंदी माह के समापन अवसर पर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सौजन्य से काव्य गोष्ठी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिताओं में कोटद्वार के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की भावपूर्ण कविताओं और सृजनात्मक निबंधों ने कार्यक्रम में हिंदी के प्रति उनकी रुचि और अभिव्यक्ति क्षमता को सामने रखा।
काव्या रावत ने काव्य गोष्ठी में हासिल किया पहला स्थान
काव्य गोष्ठी में आदर्श विद्या निकेतन की काव्या रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केंद्रीय विद्यालय कोटद्वार के अभिनव ध्यानी दूसरे और आदर्श विद्या निकेतन की हिमानी बिष्ट तीसरे स्थान पर रहीं। विद्यार्थियों ने अपनी कविताओं की भावपूर्ण प्रस्तुति से उपस्थित लोगों की सराहना बटोरी।
निबंध लेखन में प्रीति अव्वल
निबंध लेखन प्रतियोगिता में नंदा देवी अकादमी की प्रीति ने प्रथम स्थान हासिल किया। पृथ्वी विद्या मंदिर के प्रभास ने दूसरा और आदर्श विद्या निकेतन की प्रकृति ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। केंद्रीय विद्यालय कोटद्वार के अरनव जखमोला और पृथ्वी विद्या मंदिर की अंशिका अमोली को सांत्वना पुरस्कार के लिए चुना गया।
निर्णायकों ने सराही विद्यार्थियों की प्रतिभा
प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका जवाहर नवोदय विद्यालय की सेवानिवृत्त प्राचार्य वंदना भारद्वाज और केंद्रीय विद्यालय संगठन के सेवानिवृत्त शिक्षक मनोज गोद ने निभाई। निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का निष्पक्ष मूल्यांकन करते हुए उनकी प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा और साहित्य के प्रति निरंतर रुचि विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी के प्रति प्रेम और रचनात्मकता को मिला मंच
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, साहित्यिक अभिरुचि, रचनात्मक अभिव्यक्ति और लेखन कौशल को बढ़ावा देना रहा। विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों की सहभागिता ने कार्यक्रम को जीवंत और प्रेरणादायी बना दिया।
वंदना भारद्वाज ने कहा कि हिंदी माह के समापन पर आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के साथ हिंदी भाषा के प्रति सम्मान और अनुराग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्राचार्य मनीषा मखीजा ने की। मंच संचालन विभा नौडियाल और धन्यवाद ज्ञापन प्रीति अरोड़ा ने किया।
