20 अक्टूबर तक घर-घर खंगाली जाएगी मतदाता सूची
दिनांक : 2026-10-07 22:58:00
- 8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर विशेष कैंप, छूटे पात्र मतदाताओं के नाम जुड़ेंगे
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली में मतदाता सूची को लेकर प्रशासन अब बूथ से लेकर घर की चैखट तक सत्यापन अभियान चलाएगा। आठ से 10 अक्टूबर तक जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाकर सूची की जांच की जाएगी, जबकि 12 से 20 अक्टूबर तक बीएलओ और राजनीतिक दलों के बीएलए-2 घर-घर पहुंचकर मतदाताओं का भौतिक सत्यापन करेंगे।
बुधवार को निर्वाचन कार्यालय में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश की अध्यक्षता में हुई बैठक में अभियान की तैयारियों की समीक्षा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और मीडिया को भी अभियान की जानकारी दी गई। विशेष कैंपों में प्रकाशित मतदाता सूची का बारीकी से सत्यापन होगा। पात्र मतदाता का नाम छूटा मिलने पर फॉर्म-6 के जरिए नाम जोड़ने का मौका दिया जाएगा। अपात्र या अनावश्यक रूप से दर्ज नामों के खिलाफ निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा-आपत्ति दर्ज की जा सकेगी।
12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर सत्यापन के दौरान हाल में जोड़े गए नामों की भी जांच होगी। किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची से छूटा मिलने पर मौके पर फॉर्म-6 के माध्यम से नाम जोड़ने की प्रक्रिया की जाएगी। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ अपात्र नामों को हटाना है। इस दौरान कांग्रेस के मदन लोहानी, आम आदमी पार्टी के अनूप सिंह समेत मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
