लामबगड़ में दो वाहनों की भिड़ंत, एक की मौत, 11 घायल

लामबगड़ में दो वाहनों की भिड़ंत, एक की मौत, 11 घायल

दिनांक : 2026-11-08 01:41:00

  • बोलेरो पिकअप पलटने से मची चीख-पुकार
  • पुलिस और एसडीआरएफ ने चलाया रेस्क्यू अभियान

गोपेश्वर (चमोली)। बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ में जेपी पावर प्रोजेक्ट के समीप बोलेरो पिकअप और कार की टक्कर हो गई। हादसे में बोलेरो पिकअप सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दोनों वाहनों में सवार 11 लोग घायल हो गए। टक्कर के बाद बोलेरो पिकअप सड़क पर पलट गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान चलाया।

वर्चुअल थाना पुलिस के अनुसार थाना गोविंदघाट क्षेत्र के लामबगड़ में बोलेरो पिकअप संख्या पीबी 10 जेबी 5260 और कार संख्या आरजे 14 यूएच 9753 की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बोलेरो पिकअप सवार काकडा मुजफ्फरनगर निवासी मोनू पुत्र राम रतन को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जोशीमठ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

बोलेरो पिकअप में सवार अंशुल (26), मोनू पाल (29), शिवम (31), शिव कुमार (42), मेनपाल (38), मनोज कुमार (35), मोंटी (28) और जॉनी पाल (35) घायल हो गए। इनमें सात घायलों को अग्रिम उपचार के लिए गोपेश्वर लाया गया है, वहीरं कार में सवार जयपुर निवासी अर्चिसा (20), पुष्पेंद्र कुमार (50) और पूनम रानी (46) को भी चोटें आई हैं।

दुर्घटना की सूचना पर चैकी पांडुकेश्वर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। संयुक्त टीम ने घायलों को वाहनों से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया।

Admin