कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू को पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करेगा प्रशासन, डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने तैयार की विकास की रूपरेखा
दिनांक : 2026-11-15 00:00:00
- स्थानीय युवाओं और महिलाओं को पर्यटन से जोड़कर रोजगार के अवसर बढ़ाने की भी तैयारी
पौड़ी। जनपद के धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को नई पहचान दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने विकास की कवायद तेज कर दी है। श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम, प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर और यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को पर्यटन की दृष्टि से आकर्षक एवं सुविधायुक्त बनाने की योजना तैयार की जा रही है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में आयोजित बैठक में तीनों स्थलों के सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास योजनाएं संबंधित स्थलों की धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विशेषताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं, ताकि पर्यटन विकास के साथ स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिल सके।
कण्वाश्रम को मिलेगा पौराणिक विरासत के अनुरूप आकर्षक स्वरूप
श्री भरत जन्मस्थली कण्वाश्रम के विकास को लेकर जिलाधिकारी ने विशेष जोर देते हुए कहा कि इस पौराणिक स्थल की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, धार्मिक महत्ता और प्राचीन कथाओं को विकास योजना का प्रमुख आधार बनाया जाए। यहां आने वाले पर्यटकों को कण्वाश्रम की गौरवशाली विरासत से परिचित कराने के लिए पूरे परिसर को कलात्मक एवं आकर्षक स्वरूप दिया जाए। उन्होंने प्रस्तावित विकास कार्यों का थ्रीडी डिजाइन तैयार करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में प्रस्तुत योजना के अनुसार कैनाल किनारे पहाड़ी पत्थरों से सौंदर्यीकरण, बैठने के लिए बेंच, रास्तों का सुधारीकरण, आकर्षक साइनेज, सेल्फी प्वाइंट, सोलर लाइट, शौचालय एवं पेयजल सुविधा विकसित की जाएगी। इसके अलावा प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाने के साथ पुराने मंदिर और चौकीघाटा क्षेत्र में हट्स एवं घाट विकसित करने की संभावनाओं पर भी प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, जिला पर्यटन अधिकारी और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर 20 नवंबर तक विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं संबंधित हितधारकों के सुझावों को भी विकास योजना में शामिल करने को कहा।
ताड़केश्वर धाम में सुधरेंगी श्रद्धालुओं की सुविधाएं, पार्किंग का होगा समाधान
प्रसिद्ध ताड़केश्वर मंदिर को धार्मिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण की योजना बनाई गई है। प्रस्तावित कार्यों में शौचालय एवं दीवारों की मरम्मत, भूमि कटाव प्रभावित स्थानों का सुधारीकरण, पैदल मार्ग का प्राकृतिक शैली में विकास, रेलिंग निर्माण, पेंटिंग और आकर्षक साइनेज शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने मंदिर के प्रवेश द्वार को नया स्वरूप देने तथा लोहे की बेंच के स्थान पर लकड़ी की बेंच लगाने के निर्देश दिए। मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए वाहन पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करने पर भी चर्चा हुई। इसके लिए भूमि हस्तांतरण का प्रस्ताव तैयार कर भेजने को कहा गया। तब तक संबंधित भवन को निष्प्रयोज्य घोषित करने की कार्रवाई और पार्किंग स्थल पर अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भगवान शिव के इस पवित्र धाम में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
सिरासू टूरिस्ट पार्क में वाटर बोट संचालन की संभावनाएं तलाशेगा प्रशासन
यमकेश्वर विकासखंड के ग्राम सिरासू स्थित टूरिस्ट पार्क को भी आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना पर चर्चा की गई। क्षेत्र के प्राकृतिक परिवेश और पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए पूर्व में भी इसके जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए थे।
बैठक में पार्क की सुरक्षा दीवार का निर्माण, रेलिंग की मरम्मत, बेंच लगाने, शौचालयों का सुधारीकरण, पाथवे निर्माण, सेल्फी प्वाइंट और विद्युत सौंदर्यीकरण सहित विभिन्न कार्य प्रस्तावित किए गए। पर्यटकों की सुविधा के लिए अस्थायी दुकानों और चेंजिंग रूम की व्यवस्था करने पर भी विचार किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में वाटर बोट संचालन की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए संबंधित नगर निकाय से आवश्यक अनुमति प्राप्त करने की बात कही गई।
20 महिलाओं को मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण, फोटोग्राफी का भी मिलेगा हुनर
सिरासू में पर्यटन विकास को स्थानीय रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है। बैठक में जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी ने बताया कि होमस्टे संचालन और पर्यटन आधारित रोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए क्षेत्र में शिविर आयोजित किया गया है।
वहीं खंड विकास अधिकारी ने बताया कि 20 नवंबर से 20 महिलाओं के लिए मेकअप आर्टिस्ट प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही फोटोग्राफी प्रशिक्षण भी प्रारंभ किया जाएगा। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्थानीय महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास से जोड़कर पर्यटन क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
पर्यटन विकास के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगी मजबूती : डीएम
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास प्रस्तावों में संबंधित स्थलों की प्राकृतिक विशेषताओं, धार्मिक एवं ऐतिहासिक महत्व तथा स्थानीय जरूरतों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कण्वाश्रम, ताड़केश्वर और सिरासू जैसे महत्वपूर्ण स्थलों का योजनाबद्ध विकास होने से जनपद के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी। पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने से स्थानीय व्यापार, होमस्टे, पर्यटन गतिविधियों और अन्य व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं और महिलाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
बैठक में डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव, जिला पर्यटन अधिकारी कमल किशोर जोशी, वन क्षेत्राधिकारी नक्षत्र शाह, उपजिलाधिकारी कोटद्वार संदीप कुमार, मनोज इष्टवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और संबंधित हितधारक उपस्थित रहे।
