मुख्यमंत्री धामी ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं, शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

मुख्यमंत्री धामी ने सुनी सफाई कर्मचारियों की समस्याएं, शीघ्र समाधान का दिया आश्वासन

देहरादूनः  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सफाई कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों से बात कर उनकी समस्याएं सुनी। संगठन ने सफाई कर्मचारियों के नियमित पदों को पुनर्जीवित करने व मानदेय में वृद्धि करने सहित विभिन्न समस्याएं सीएम के सामने रखीं। जिस पर मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को उनकी मांगों को लेकर उचित समाधान के लिए हर सम्भव प्रयास किये जाने का आश्वासन दिया।

मंगलवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में सफाई कर्मचारी संगठन संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से अपनी मांगों को लेकर मुलाकात की। संगठन के पदाधिकारियों ने उनके समक्ष राज्य बनने के समय के सफाई कर्मचारियों के नियमित पदों को पुनर्जीवित करने एवं सफाई कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि करने की मांग की।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने सफाई कर्मचारियों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि, उनकी सभी समस्याओं को गम्भीरता से लिया जायेगा। समस्याओं के उचित समाधान के लिए हर सम्भव प्रयास किये जायेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य स्थापना के समय सफाई कर्मचारियों के जितने पद राज्य में थे, उनको पुनर्जीवित करने के लिए पत्रावली का पूर्ण परीक्षण किया जायेगा और उचित समाधान निकाला जायेगा। मोहल्ला स्वच्छता समिति के सफाई कार्मिकों को 10 हजार रूपये का प्रतिमाह मानदेय पर विचार किया जाएगा। इनको अभी 08 हजार रूपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है।

इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री बंसीधर भगत, सचिव शैलेश बगौली, निदेशक शहरी विकास विनोद कुमार सुमन, सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष अमीलाल, उपाध्यक्ष अजय राजौर, बलवीर सिंह, राम अवतार राजौर, महेन्द्र सिंह राही, भगवत मकवाना, हरीश बाल्मीकि एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Admin