सेवा पखवाड़े का आगाज़, 219 करोड़ की 51 परियोजनाओं की सौगात
दिनांक : 2026-07-04 20:37:00
ऋषिकेश। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य सरकार ने शनिवार से ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण : जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ सेवा पखवाड़े की शुरुआत की। ऋषिकेश स्थित आईडीपीएल ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि.) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री ने देहरादून जनपद की 219 करोड़ से अधिक लागत की 51 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री को पांच वर्ष से अधिक समय तक उत्तराखंड का नेतृत्व करने पर बधाई देते हुए कहा कि राज्य ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण और दूरगामी निर्णय लिए हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, भू-कानून, महिला सशक्तिकरण और आधारभूत ढांचे के विकास जैसे कदमों की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब विकास और निवेश का नया केंद्र बनकर उभर रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि सरकार के लिए यह अवसर उत्सव का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और जनसेवा के संकल्प को और मजबूत करने का है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य वर्ष 2035 तक उत्तराखंड को विकसित और श्रेष्ठ राज्य बनाना है। इसके लिए आधारभूत संरचना, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, उद्योग और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। साथ ही लखपति दीदी योजना, होमस्टे, स्टार्टअप नीति और एक जनपद-दो उत्पाद जैसी योजनाओं से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़े के तहत अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान करेंगे और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध ढंग से पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, डॉ धन सिंह रावत, खजान दास, भरत चौधरी, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, महेंद्र भट्ट, विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, मुन्ना सिंह चौहान, बृज भूषण गैरोला, सुरेश गड़िया, सविता कपूर, दुर्गेश्वर लाल, विनोद चमोली, सहदेव सिंह पुंडीर, मेयर ऋषिकेश शंभू पासवान, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव शैलेश बगौली, विनय शंकर पाण्डेय, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान आदि मौजूद रहे।

