हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना प्राथमिकता – डीएम

हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना प्राथमिकता – डीएम

दिनांक : 2026-08-06 16:18:00

गोपेश्वर (चमोली)। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने गुरुवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी पात्र मतदाता को सूची से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।

डीएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को निर्वाचन नामावली पुनरीक्षण की प्रक्रिया और विभिन्न प्रपत्रों की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के 633 मतदान केंद्रों के लिए विभिन्न दलों की ओर से अब तक 1,184 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) नियुक्त किए जा चुके हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी मतदाता तक पहली बार नोटिस नहीं पहुंचता है तो दोबारा नोटिस जारी किया जाए और आवश्यकता पड़ने पर चस्पा की कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचाया जाए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने का आग्रह करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि एसआईआर अभियान की दैनिक प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से राजनीतिक दलों के साथ साझा की जाए, ताकि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और विश्वासपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश ने बताया कि जनपद में जारी 63,347 नोटिसों में से अब तक 61,194 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, जबकि शेष 2,153 नोटिसों का वितरण भी निर्धारित समय सीमा में पूरा कर लिया जाएा। अब तक बदरीनाथ विधानसभा के 21,900, थराली के 19,935 और कर्णप्रयाग के 21,512 नोटिस वितरित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2,72,188 मतदाता हैं। इनमें से 2,61,060 मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। निर्वाचन कार्यों के लिए 633 मतदेय स्थलों पर 14 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, 31 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तथा 633 बूथ लेवल अधिकारियों के सहयोग के लिए 633 अतिरिक्त कार्मिक तैनात किए गए हैं।

इस दौरान चमोली के एसडीएम राजकुमार पांडे, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी धीरेन्द्र सती, भाजपा के विनोद कुमार नेगी, कांग्रेस के मदन लोहनी, आम आदमी पार्टी के अनूप रावत आदि मौजूद रहे।

Admin