गढ़वाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने किया रोड-शो व जनसभाएं
कोटद्वार । गढ़वाल संसदीय सीट से कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल शुक्रवार को कोटद्वार विधानसभा पहुंचे। गोदियाल के कोटद्वार पहुंचने पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत करते हुए रोड़ शो कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील की। इसके बाद आयोजित विभिन्न जनसभाओं में कांग्रेस प्रत्याशी गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा सरकार में रोजगार का संकट बना हुआ है और मजबूरीवश युवाओं को पहाड़ से पलायन करना पड़ रहा है। कहा कि जब-जब पहाड़ पर विपदा आई है, तब-तब भाजपा की सरकार ने जनता का साथ नहीं दिया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि भाजपा ने जनता के विकास के लिए कई दावे तो किए, लेकिन वो दावे धरातल पर नहीं उतर पाए। पिछले दस वर्षों से गढ़वाल सांसद पहाड़ की समस्याओं पर संसद में मौन साधे हैं और जिस व्यक्ति को अब प्रत्याशी बनाया गया है, जनता ने उन्हें आज तक देखा ही नहीं है। वहीं पूर्व काबीना मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाते हुए भाजपा सरकार पर निशान साधा । इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष विनोद डबराल, महिला जिलाध्यक्ष रश्मि पटवाल, प्रदेश सचिव पूनम कैंत्युरा, ब्लॉक प्रमुख दुगड्डा रुचि कैंत्युरा, रंजना रावत, प्रवेश रावत, सरिता नेगी, विमलेश देवी, अमितराज सिंह, विजय रावत, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष संजय मित्तल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।



