दलेर मेहंदी से CM धामी ने की बात, मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से माफी की मांग की

दलेर मेहंदी से CM धामी ने की बात, मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से माफी की मांग की

दिनांक : 2026-10-25 01:04:00

देहरादून : उत्तराखण्ड के नरेंद्रनगर में आयोजित कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति को लेकर शुरू हुआ विवाद अब सियासी और मनोरंजन जगत में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले को शांत करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर बातचीत की। वहीं, गायक मीका सिंह ने भी इस प्रकरण पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल से स्पष्टीकरण देने और माफी मांगने की अपील की है।
 
दलेर मेहंदी से बातचीत के बाद CM धामी ने दिया ये बयान
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर उनका हालचाल जाना और पूरे घटनाक्रम पर विस्तार से चर्चा की। बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तराखण्ड की संस्कृति, आतिथ्य और कलाकारों के सम्मान की परंपरा का जिक्र करते हुए कहा,
 
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा,
“देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है. हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है. यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है. हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए.”
 
मीका सिंह ने CM धामी की तारीफ करते हुए कही ये बात
इस मामले में मुख्यमंत्री धामी ने इससे पहले मीका सिंह से भी बातचीत की थी। इसके बाद मीका सिंह ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की और मुख्यमंत्री के प्रयास की सराहना की। साथ ही उन्होंने सुबोध उनियाल से अपने बयान पर स्पष्टीकरण देने और दलेर मेहंदी से माफी मांगने की अपील की।
 
मीका सिंह ने लिखा,
“मैं उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री का बहुत सम्मान करता हूं. उन्होंने दलेर भाई से जुड़े मामले को लेकर मुझे खुद फोन किया. मैं उनके इस कदम की दिल से सराहना करता हूं. मैं धामी साहब को बहुत अच्छे से जानता हूं. वे एक विनम्र और जमीन से जुड़े इंसान हैं, और मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं. मेरी उनसे बस एक विनम्र प्रार्थना है कि वे सुबोध उनियाल से कहें कि वे एक छोटा सा वीडियो बनाकर अपने बयान को स्पष्ट करें और दलेर भाई से माफी मांगें, क्योंकि उन्होंने कहा था कि परफॉरमेंस के दौरान दलेर भाई नशे में थे.”
 
मीका सिंह ने आगे कहा कि गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें शालीनता से सुलझाया भी जा सकता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से विवाद खत्म होगा और दलेर मेहंदी के सम्मान एवं प्रतिष्ठा का ध्यान रखा जाएगा।
 
क्या है दलेर मेहंदी और सुबोध उनियाल के बीच विवाद?
पूरा मामला टिहरी गढ़वाल जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा है। कार्यक्रम में दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान बैकग्राउंड साउंड ट्रैक के इस्तेमाल को लेकर सवाल उठे। इसी बीच कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और उन्होंने गायक की प्रस्तुति पर नाराजगी जताई।
 
मंच पर हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया। दलेर मेहंदी के समर्थन में कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी, जबकि मामले को लेकर अलग-अलग पक्षों की ओर से बयान सामने आए।
 
अब विवाद सुलझने की उम्मीद
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दोनों गायकों से बातचीत कर मामले को आपसी संवाद और सौहार्द के साथ सुलझाने पर जोर दिया है। वहीं, मीका सिंह ने सुबोध उनियाल से सार्वजनिक स्पष्टीकरण और माफी की मांग की है।

Admin