डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने ली जनगणना की प्रगति की समीक्षा बैठक, फॉर्मर रजिस्ट्री के लिए 15 दिन का विशेष अभियान
दिनांक : 2026-11-20 23:29:00
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में बुधवार को जनगणना की तैयारियों एवं स्वगणना की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनगणना के निर्धारित लक्ष्यों, अब तक की तैयारियों एवं स्वगणना के कार्यों की जानकारी लेते हुए सभी चार्ज अधिकारियों को नियमित निगरानी और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्वगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने, राजनीतिक दलों का सहयोग लेने तथा विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित करने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों में स्वगणना की प्रक्रिया प्रभावी ढंग से संचालित कराने तथा चार्ज अधिकारियों एवं खंड विकास अधिकारियों को जमीनी स्तर पर निगरानी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने चार्ज अधिकारियों को प्रतिदिन सुपरवाइजरों से फीडबैक लेकर स्वगणना की प्रगति की समीक्षा करने, सभी हाउस लिस्टिंग ब्लॉकों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने और उनके व्यवस्थित संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अधिकारियों को दिए गए प्रशिक्षण एवं अब तक की गई तैयारियों की भी जानकारी ली गई।
बैठक में फॉर्मर रजिस्ट्री एवं एग्री स्टैक अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने मुख्य सचिव के निर्देशों के क्रम में फॉर्मर रजिस्ट्री के शत-प्रतिशत पंजीकरण के लिए आगामी 15 दिनों तक विशेष अभियान चलाकर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने पंचायती राज, कृषि, उद्यान, राजस्व, सहकारिता एवं ग्राम्य विकास विभाग को आपसी समन्वय से अभियान पूरा करने को कहा।
जिलाधिकारी ने आसानी से पंजीकृत होने वाले प्रकरणों को प्राथमिकता से पूरा करने तथा तकनीकी त्रुटियों के कारण आ रही समस्याओं का समाधान कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पोर्टल पर आईडी बनाए गए कार्मिकों को अनिवार्य रूप से पंजीकरण कार्य पूरा करने, सभी विभागों को कार्मिकों की सूची तैयार कर प्रतिदिन प्रगति रिपोर्ट लेने और नियमित समीक्षा करने को कहा। साथ ही फील्ड स्तर पर समन्वय बनाए रखने तथा रिपोर्टिंग में भ्रामक जानकारी न देने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को फॉर्मर रजिस्ट्री के कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा राजस्व उपनिरीक्षकों को पोर्टल के माध्यम से प्रविष्टियां कर अधिकाधिक किसानों का स्वतः पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
