आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा जिला पुस्तकालय, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन का माहौल, डीएम अपूर्वा पाण्डे ने दिए अधिकारियों को दिए निर्देश
दिनांक : 2026-08-13 01:09:00
- एसी, वाई-फाई, बेहतर लाइटिंग और पर्याप्त चार्जिंग प्वाइंट की होगी व्यवस्था, बढ़ाई जाएगी सीटिंग क्षमता
बागेश्वर : विद्यार्थियों को बेहतर एवं अध्ययन के अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला पुस्तकालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा। इस दिशा में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर पुस्तकालय भवन के मरम्मत कार्य, उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग तथा विद्यार्थियों के लिए अध्ययन सुविधाओं को और सुदृढ़ करने को लेकर विस्तृत चर्चा की।
जिलाधिकारी ने पुस्तकालय में एसी, वाई-फाई, पर्याप्त चार्जिंग प्वाइंट और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने आवश्यकतानुसार टाइलिंग समेत भवन में जरूरी मरम्मत कार्य कराने तथा उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग करने पर भी जोर दिया। साथ ही पुस्तकालय की सीटिंग क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक संख्या में विद्यार्थी सुविधाजनक वातावरण में बैठकर अध्ययन कर सकें।
शांत और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना उद्देश्य
जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने कहा कि जिला पुस्तकालय को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को शांत, सुविधाजनक और अध्ययन के अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना है। पुस्तकालय में आने वाले विद्यार्थियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं मिलें, इसके लिए सभी जरूरी कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुस्तकालय में प्रस्तावित मरम्मत एवं सुविधाओं से संबंधित कार्य गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा किए जाएं। उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर व्यवस्थाएं विकसित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
सुविधाएं बढ़ने से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
जिला पुस्तकालय में आधुनिक सुविधाएं विकसित होने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले विद्यार्थियों समेत अन्य पाठकों को भी लाभ मिलेगा। वाई-फाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, चार्जिंग प्वाइंट और बेहतर सीटिंग जैसी सुविधाओं से विद्यार्थियों को लंबे समय तक अध्ययन करने के लिए अधिक अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में आरडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता आर. चंद्रा, जिला शिक्षा अधिकारी आशाराम, लाइब्रेरियन भुवन जोशी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
