जीएमओयू कंपनी में वित्तीय वर्ष 2023 – 24 में लगभग 2 करोड़ 32 लाख का हुआ घोटाला

जीएमओयू कंपनी में वित्तीय वर्ष 2023 – 24 में लगभग 2 करोड़ 32 लाख का हुआ घोटाला

दिनांक : 2025-03-04 16:59:00

कोटद्वार । एशिया की सबसे बड़ी यातायात कम्पनी कहीं जाने वाली जीएमओयू लिमिटेड में वर्ष 2023 – 24 में करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपए से भी ज्यादा का घोटाला हुआ है । यह घोटाला दस हजार रुपए से छोटी रकम के वाउचर बनाकर किया गया है । मंगलवार को जीएमओयू बचाओ संघर्ष समिति के सदस्य व वर्तमान में मौजूद संचालकों ने जीएमटी सभागार में एक प्रेसवार्ता का आयोजन किया । जिसमें 2023 – 24 वित्तीय वर्ष में हुए घोटालों का खुलासा किया गया।
जांच समिति के सदस्यों महावीर सिंह रावत, ताजवर सिंह खत्री, हनुमंत सिंह पटवाल और सत्यानंद भट्ट ने बताया कि अप्रैल 2023 से मार्च 2024 तक कंपनी के करीब 2 करोड़ 32 लाख रुपए से भी ज्यादा का घोटाला हुआ है । जिसमें वेतन अनुबंधित धनराशि के नाम पर 68 लाख 23 हजार रुपए, यातायात व्यवस्था सुपर विजन चार्ज 42 लाख 14 हजार रुपए, बिल्डिंग और फर्नीचर रिपेयरिंग चार्ज 46 लाख 53 हजार रुपए , दान और पूजा में 2 लाख 88 हजार रुपए, स्टाम्प, साउंड, जलपान और कंप्यूटर रिपेयरिंग पर 11 लाख 71 हजार रुपए के साथ ही वाउचर और अन्य खर्च पर 27 लाख 80 हजार रुपए का घोटाला किया गया है।
बताया कि पुरानी कार्यकारणी द्वारा कंपनी के नियमों के खिलाफ जाकर फर्जीवाड़ा किया गया। जिनके खिलाफ निलंबन की कार्यवाही के साथ ही पुलिस द्वारा कार्यवाही की जा रही है। कंपनी के अधिकारी और कर्मचारी मिलकर कुल 9 लोग इस घोटाले में संलिप्त पाए गए है। साथ ही कंपनी के पूर्व पदाधिकारियों पर सिविल और क्रिमिनल केस करते हुए कार्यवाही की जा रही है ।

Admin