इंटरसेप्टर व स्कूटी की भिडंत में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर

इंटरसेप्टर व स्कूटी की भिडंत में स्कूटी सवार दो युवक गंभीर

दिनांक : 2026-09-09 23:10:00

नारायणबगड़ (चमोली)। चमोली जिले के कर्णप्रयाग-ग्वालदम राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंती स्थित गुरु रामराय पब्लिक स्कूल के समीप बुधवार को इंटरसेप्टर वाहन और स्कूटी की आमने-सामने की टक्कर में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार यूपीसीएल कार्यालय पंती, नारायणबगड़ में कार्यरत कोठियालसैण गोपेश्वर निवासी अनिल रावत (37) पुत्र लखपत सिंह रावत और नैग्वाड गोपेश्वर निवासी लक्ष्मण पंखोली (42) पुत्र खीम सिंह दोपहर के भोजन के बाद स्कूटी से अपने कार्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थराली की ओर से आ रहे इंटरसेप्टर वाहन ने विपरीत दिशा से आ रही उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

Admin