अलकनंदा किनारे निर्माण कार्य में अनियमितता, मोबाइल स्टोन क्रशर सील
दिनांक : 2026-05-06 01:40:00
ज्योतिर्मठ। तहसील क्षेत्र के अंतर्गत मारवाड़ी पुल से विष्णुप्रयाग पुल तक चल रहे सुरक्षा दीवार निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को तहसील दिवस के दौरान शिकायतकर्ता वैभव सकलानी द्वारा निर्माण कार्य में हो रही लापरवाही और अलकनंदा नदी में अवैध रूप से मलबा डंप किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी चमोली के निर्देश पर जिला खान अधिकारी अंकित चंद, तहसीलदार और राजस्व उपनिरीक्षक की संयुक्त टीम ने मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि ‘अरुण कंस्ट्रक्शन’ द्वारा संचालित मोबाइल स्टोन क्रशर न केवल नियमों के विरुद्ध चल रहा था, बल्कि इससे उड़ने वाली धूल और मलबे के गलत निस्तारण से पर्यावरण को भी भारी नुकसान पहुँच रहा था। मौके पर मौजूद उपखनिजों की पैमाइश और अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद, खनन अधिकारी ने तत्काल प्रभाव से क्रशर प्लांट को सील कर दिया है।
जिला खनन अधिकारी अंकित चंद ने बताया कि प्राथमिक जांच के आधार पर प्लांट को अग्रिम आदेशों तक बंद कर दिया गया है और निर्माण कार्य में बरती जा रही अन्य लापरवाहियों पर भी कड़ा संज्ञान लिया गया है। इस पूरे प्रकरण की विस्तृत रिपोर्ट बुधवार तक तैयार कर उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जाएगी, ताकि संबंधित कार्यदायी संस्था के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

