उत्तरकाशी : सिलक्यारा टनल में बड़ा हादसा, लाइनिंग का हिस्सा गिरने से झारखंड के श्रमिक की मौत
दिनांक : 2026-07-17 01:43:00
उत्तरकाशी : उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा-बड़कोट सुरंग परियोजना में गुरुवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया। टनल के भीतर शॉटक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक श्रमिक मूल रूप से झारखंड का रहने वाला बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार घटना रात करीब दो बजे बड़कोट छोर से लगभग 900 मीटर अंदर हुई। उस समय सुरंग के भीतर नियमित निर्माण कार्य जारी था। अचानक कंक्रीट लाइनिंग का बड़ा हिस्सा टूटकर गिर पड़ा, जिससे वहां मौजूद श्रमिकों में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू कर घायल श्रमिक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही बड़कोट पुलिस और संबंधित विभागों की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। हादसे के बाद परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
बड़कोट कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि शव को सुरक्षित रख दिया गया है और नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (NHIDCL) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
