स्कूल में घुसे बदमाश, बच्चों को बनाया बंधक! मुठभेड़ में दो SOG सिपाहियों को लगी गोली

स्कूल में घुसे बदमाश, बच्चों को बनाया बंधक! मुठभेड़ में दो SOG सिपाहियों को लगी गोली

दिनांक : 2026-07-18 03:41:00

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में इटावा एसओजी के दो सिपाही गोली लगने से घायल हो गए।

दोनों जवानों को तत्काल शिकोहाबाद संयुक्त चिकित्सालय ले जाया गया, जहां से एक की गंभीर हालत को देखते हुए आगरा रेफर किया गया है। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने के लिए अभियान तेज कर दिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इटावा में डॉक्टर से लूट के मामले में फरार दो बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस शिकोहाबाद के नगला कन्हई गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय तक पहुंची। खुद को घिरता देख दोनों बदमाश स्कूल परिसर में घुस गए और वहां मौजूद बच्चों को अपनी ढाल बना लिया।

जब एसओजी टीम ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गोली लगने से घायल हो गए।

घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। विद्यालय को चारों ओर से घेर लिया गया है और बच्चों को सुरक्षित निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का ऑपरेशन जारी है और बदमाशों को पकड़ने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।

Admin