नंदानगर में ऋण मेले में बांटे 50 लाख के चेक, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

नंदानगर में ऋण मेले में बांटे 50 लाख के चेक, स्वरोजगार को मिलेगा बढ़ावा

दिनांक : 2026-11-22 02:22:00

गोपेश्वर (चमोली)। चमोली जिला सहकारी बैंक एवं सहकारिता विभाग की ओर से शनिवार को विकासखंड नंदानगर में ऋण वितरण मेले का आयोजन किया गया। मेले में विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को कुल 50 लाख रुपये के ऋण के चेक वितरित किए गए। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने के साथ ही लोगों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा।

बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि पहाड़ के गांवों में रोजगार के सीमित अवसरों को देखते हुए स्वरोजगार की गतिविधियों को बढ़ावा देना जरूरी है। सहकारिता विभाग और जिला सहकारी बैंक की पहल से ग्रामीणों को अपने गांव में ही रोजगार शुरू करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन, लघु उद्यम और अन्य आजीविका आधारित गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है। ऐसे आयोजन जरूरतमंद लोगों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।

इस मौके पर चमोली जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि सहकारिता ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूती का आधार है। सहकारी बैंक के माध्यम से किसानों, युवाओं और ग्रामीण उद्यमियों को आर्थिक गतिविधियां शुरू करने के लिए ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बैंक का प्रयास है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे और उन्हें अपनी आजीविका के लिए स्थानीय स्तर पर अवसर मिलें। ऋण मेले के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और विभिन्न ऋण योजनाओं से जोड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने लाभार्थियों से ऋण का सदुपयोग कर अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने की अपील की।

मेले में सहकारिता विभाग और जिला सहकारी बैंक के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभिन्न ऋण योजनाओं, बैंकिंग सुविधाओं और स्वरोजगार से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने पात्र लोगों से योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Admin