पौड़ी में बैडमिंटन का महाकुंभ शुरू, 11 जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

पौड़ी में बैडमिंटन का महाकुंभ शुरू, 11 जिलों के खिलाड़ी दिखाएंगे दम

दिनांक : 2026-10-23 00:50:00

  • कंडोलिया इंडोर स्टेडियम में 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आगाज, अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में होंगे मुकाबले

पौड़ी। कंडोलिया स्थित इंडोर स्टेडियम में गुरुवार को बैडमिंटन के कोर्ट पर प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों के बीच दमखम और कौशल की परीक्षा शुरू हो गई। स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी और मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर 24वीं विद्यालयी राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। 22 से 24 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 11 जनपदों के खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के मुकाबलों में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। देहरादून स्पोर्ट्स हॉस्टल के खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में अपनी चुनौती पेश कर रहे हैं।

ध्वजारोहण और खेल शपथ के साथ शुरू हुआ मुकाबलों का सफर

प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में विधायक राजकुमार पोरी ने ध्वजारोहण कर खिलाड़ियों को खेल शपथ दिलाई। इसके बाद विधायक और मुख्य विकास अधिकारी ने बैडमिंटन खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथियों के कोर्ट में उतरने से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ा। जीआईसी पौड़ी और हिल्स इंटरनेशनल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को आकर्षक बनाया। प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) अंशुल बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत किया।

खेलों से निखरता है अनुशासन और आत्मविश्वास : राजकुमार पोरी

विधायक राजकुमार पोरी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। विद्यालयी स्तर की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने, अनुभव हासिल करने और राज्य स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच देती हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने खिलाड़ियों से मेहनत, उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबलों में उतरने तथा अपने प्रदर्शन से जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।

जीत के साथ खेल भावना भी जरूरी : सीडीओ

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलों में सक्रिय भागीदारी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है। खेलों से टीम भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में जीत हासिल करना महत्वपूर्ण है, लेकिन प्रतिद्वंद्वी का सम्मान करना और प्रत्येक मुकाबले से सीख लेना भी खेल का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने खिलाड़ियों से सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने को कहा।

समारोह में ये रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्य किसान आयोग के सदस्य ओम प्रकाश जुगरान, अपर शिक्षा निदेशक प्रमेंद्र सिंह बिष्ट, प्रभारी जिला शिक्षाधिकारी अंशुल बिष्ट, जिला खेल अधिकारी प्रदीप कुमार, राज्य खेल समन्वयक डॉ. हीरा सिंह बिष्ट, जिला खेल समन्वयक योगंबर सिंह नेगी, डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बालेश्वर प्रसाद, जिला स्काउट सचिव केसर सिंह असवाल, जिला क्रीड़ा सह समन्वयक राजीव रावत, मृदुला जुगरान, वर्षा कंडारी, जयकृत भंडारी, मनोहर चमोली ‘मनु’ और जयदीप रावत सहित विभिन्न जनपदों से आए खिलाड़ी, शिक्षक, कोच तथा मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।

Admin