पौड़ी गढ़वाल : लैंसडाउन में ज्वैलरी की दुकान में चोरी का खुलासा
दिनांक : 2026-11-20 22:24:00
लैंसडाउन : पौड़ी जनपद के लैंसडाउन में ज्वैलरी की दुकान का ताला तोड़कर लाखों के जेवरात चोरी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर घटना का खुलासा कर दिया। पुलिस ने चोरी की घटना में संलिप्त एक 16 वर्षीय विधि विवादित किशोर को नागेश्वर मंदिर के पास जयहरीखाल रोड से संरक्षण में लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए सभी जेवरात भी शत-प्रतिशत बरामद कर लिए हैं।
बता दें, 17 नवंबर को वादी रितिक शाह, निवासी लैंसडाउन द्वारा कोतवाली लैंसडाउन में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया गया कि अज्ञात चोर द्वारा उनकी ज्वैलरी की दुकान का ताला तोड़कर दुकान से 07 नेकलेस गोल्ड प्लेटेड, 02 रानीहार गोल्ड प्लेटेड, 02 नथ गोल्ड प्लेटेड, 01 बुलाक गोल्ड प्लेटेड तथा 01 लोकेट गोल्ड प्लेटेड चोरी कर लिया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर कोतवाली लैंसडाउन में मु0अ0सं0 25/2026, धारा 305(A), 331(4) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार द्वारा घटना का शीघ्र अनावरण करने हेतु प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लैंसडाउन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निर्गत निर्देशों के क्रम में प्रभारी निरीक्षक लैंसडाउन के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया।
गठित पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल एवं आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय स्तर पर जुटाई गई जानकारियों का गहन विश्लेषण किया गया। पुलिस टीम की प्रभावी कार्रवाई एवं सटीक साक्ष्यों के आधार पर चोरी की घटना का सफल अनावरण करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर एक 16 वर्षीय विधि विवादित किशोर को नागेश्वर मंदिर के पास जयहरीखाल रोड से संरक्षण में लिया गया।
पुलिस टीम द्वारा विधि विवादित किशोर के कब्जे से मुकदमा उपरोक्त से संबंधित चोरी किया गया शत-प्रतिशत माल बरामद किया गया। विधि विवादित किशोर को माननीय किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पंजीकृत अभियोग
मु0अ0सं0 25/2026 धारा 305(A), 331(4), 317(2) बीएनएस
विधि विवादित किशोर
उम्र – 16 वर्ष
बरामद माल
1. 07 नेकलेस गोल्ड प्लेटेड
2. 02 रानीहार मय चेन गोल्ड प्लेटेड
3. 02 नथ गोल्ड प्लेटेड
4. 01 बुलाक गोल्ड प्लेटेड
5. 01 लोकेट गोल्ड प्लेटेड
