पौड़ी गढ़वाल : घास काटने गई बुजुर्ग महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गांव में दहशत

पौड़ी गढ़वाल : घास काटने गई बुजुर्ग महिला को गुलदार ने बनाया निवाला, गांव में दहशत

दिनांक : 2026-04-23 17:26:00

पौड़ी गढ़वाल : पौड़ी ब्लॉक अंतर्गत बमठी गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। गांव की निवासी 65 वर्षीय सीता देवी पर जंगल किनारे घास काटते समय गुलदार ने हमला कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीता देवी सुबह घर के पास ही जंगल क्षेत्र में घास लेने गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उन पर हमला किया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले गया। 

आसपास मौजूद लोगों को जब तक स्थिति का अंदाजा हुआ, तब तक काफी देर हो चुकी थी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया और क्षेत्र में भय का माहौल फैल गया। लोग घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

 

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। एसडीओ आयशा बिष्ट ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं और उसे पकड़ने के लिए पिंजरे भी लगाए जा रहे हैं, ताकि जल्द से जल्द स्थिति पर नियंत्रण पाया जा सके।

 

ग्रामीणों में आक्रोश, गुलदार को मारने की मांग

घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने मांग रखी है कि जब तक आदमखोर गुलदार को मारने के आदेश जारी नहीं किए जाते, तब तक वे शव को मौके से नहीं उठाने देंगे। उनका कहना है कि यह पहली घटना नहीं है और लगातार हो रहे हमलों से उनका जीवन खतरे में है।

 

इलाके में तनावपूर्ण माहौल

फिलहाल गांव में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। प्रशासन और वन विभाग की टीमें ग्रामीणों को समझाने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है।

यह घटना एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को उजागर करती है, जहां जंगलों के सिमटने और मानव गतिविधियों के बढ़ने से ऐसे टकराव लगातार सामने आ रहे हैं।

Admin