ग्रीष्मकालीन राजधानी में मनाया गया रजत जयंती समारोह

ग्रीष्मकालीन राजधानी में मनाया गया रजत जयंती समारोह

दिनांक : 2025-11-09 22:36:00

गोपेश्वर (चमोली)। उत्तराखंड राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैण में रजत जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान समारोह में विकास और संस्कृति का अद्भुत संगम भी दिखाई दिया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि राज्य जिस आंदोलन के परिणाम स्वरूप स्थापित हुआ है उसके आदर्शों और लक्ष्यों हमेशा याद रखा जाएगा।

भराड़ीसैंण विधानसभा परिसर में आयोजित कार्यक्रम का शुभारम्भ बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान रैतिक परेड और विभिन्न संस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। आईटीबीपी, आईआरबी, नागरिक सशस्त्र पुलिस, होमगार्ड, महिला आरक्षी नागरिक पुलिस, फायर सर्विस और एनसीसी महिला दस्ते ने 46 वीं वाहिनी पीएसी के बैंड धुन पर रैतिक परेड का भव्य प्रदर्शन किया। इसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का गायन हुआ। मंच पर जीआईसी भराड़ीसैंण की छात्राओं ने स्वागत गीत गाकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज किया। इस दौरान जीआईसी भराड़ीसैंण, जेएसएनएसएस मेमोरियल कॉलेज, जीआईसी मेहलचौरी और पीजी कॉलेज गोपेश्वर के छात्र छात्रों ने संस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। महिला मंगलदल सारकोट, प्राथमिक विद्यालय सारकोट, पीजी कॉलेज गोपेश्वर के साथ ही स्थानीय विद्यालयों और महिला मंगल दल की महिलाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति दी।

जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने कहा कि उत्तराखण्ड के रजत जयंती वर्ष में राज्य विकास के पथ पर बढ़ रहा है। राज्य में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सेवाओं का विस्तार हुआ है। वहीं रेल लाइन के निर्माण से राज्य के पहाड़ी क्षेत्रों की बाहरी राज्यों से कनेक्टिविटी भी मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा। उन्होंने राज्य के विकास के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने विधानसभा परिसर में कृषि, उद्यान, उद्योग, ग्रामोत्थान, पुलिस, स्वयं सहायता समूहों और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए स्टॉलो का भी निरीक्षण किया। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने  उत्तराखंड की स्थापना दिवस की शुभकामनायें देते हुये कहा कि उत्तराखंड राज्य जिस आंदोलन के परिणाम स्वरुप स्थापित हुआ है उसके आदर्शो, लक्ष्यों को हम हमेशा याद रखा जाएगा और कर्म तथा जीवन उन लक्ष्यों और आदर्शो के लिए समर्पित किया जाएगा।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्साधिकारी डा. अभिषेक गुप्ता, सारकोट की प्रधान प्रियंका नेगी, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह रांगड, समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

Admin