थाईलैंड के फुकेट में रिसॉर्ट में भीषण आग, 11 लोगों की मौत; कई घायल
दिनांक : 2026-11-16 23:19:00
फुकेट। थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल फुकेट में एक रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास की इमारतें भी इसकी चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, आग सोमवार तड़के करीब 3 बजे लगी। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह 3 बजकर 17 मिनट पर मिली थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग एक ऐसी इमारत में लगी थी, जहां गाड़ियां किराये पर देने का कारोबार संचालित किया जाता था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की इमारतों तक फैल गई।
आग की लपटें उठती देख इलाके में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि कई अन्य लोग झुलसने और घायल होने के कारण प्रभावित हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों की ओर से हादसे में हुए नुकसान और मृतकों की पहचान को लेकर विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फुकेट में हुई इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर अग्नि सुरक्षा और आपातकालीन इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
