उत्तराखण्ड के मदरसों में अब जुमे को नहीं होगी छुट्टी

उत्तराखण्ड के मदरसों में अब जुमे को नहीं होगी छुट्टी

दिनांक : 2026-10-22 01:27:00

देहरादून : उत्तराखण्ड में मान्यता प्राप्त मदरसों में अब जुमे (शुक्रवार) के बजाय रविवार को साप्ताहिक अवकाश रहेगा। धामी सरकार ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा विभाग से मान्यता प्राप्त अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। सभी संस्थानों में एक समान शिक्षा व्यवस्था लागू करने पर जोर दिया जा रहा है।

उत्तराखण्ड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, पंजीकृत मदरसों को स्कूल के रूप में मान्यता मिलने के बाद शिक्षा विभाग और प्राधिकरण के नियमों के तहत संचालन करना होगा। ऐसे में शुक्रवार की छुट्टी के स्थान पर रविवार को अवकाश रखना अनिवार्य होगा।

 

76 मदरसों को मिली स्कूल की मान्यता

प्रदेश में पहले मदरसा बोर्ड के तहत 452 मदरसे मान्यता प्राप्त थे। नए प्रावधानों के तहत दोबारा आवेदन करने वाले 76 मदरसों को स्कूल के रूप में मान्यता दी जा चुकी है, जबकि 114 आवेदन अभी लंबित हैं। देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर जिलों में इन संस्थानों को मान्यता मिली है।

अल्पसंख्यक विभाग के सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते के मुताबिक, पहले चरण में 250 अवैध मदरसों को सील किया गया था। ये संस्थान मदरसा बोर्ड में भी पंजीकृत नहीं थे।

 

नियमों का पालन नहीं करने पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सरकार सभी बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समान नियम लागू कर रही है। नियमों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों को प्रदेश में संचालित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Admin