उत्तराखंड : किसान का बेटा बना भारतीय सेना का अधिकारी, राहुल ने पूरा किया पिता का सपना 

उत्तराखंड : किसान का बेटा बना भारतीय सेना का अधिकारी, राहुल ने पूरा किया पिता का सपना 

दिनांक : 2026-03-11 00:20:00

चमोली: उत्तराखंड के चमोली जिले की थराली तहसील के छोटे से गांव रतगांव के रहने वाले राहुल फरस्वाण ने कड़ी मेहनत और अटूट इच्छाशक्ति से एक बड़ी मिसाल कायम की है। किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले राहुल ने चेन्नई स्थित ऑफिसर्स ट्रेनिंग अकादमी (OTA) से अपना प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। शनिवार को पासिंग आउट परेड के साथ उन्होंने लेफ्टिनेंट के पद पर भारतीय सेना में प्रवेश किया।

इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व की लहर दौड़ गई है। राहुल ने अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने कहा, “मेरे माता-पिता की कभी हार न मानने वाली भावना और लगातार प्रेरणा ने मुझे इस मुकाम तक पहुंचाया।”

दुखद बात यह है कि राहुल के पिता का निधन मात्र छह महीने पहले हो गया था। इसके बावजूद उनकी मां ने अकेले ही परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं, खेती-बाड़ी चलाई और बच्चों की शिक्षा में कोई कमी नहीं होने दी। राहुल के बड़े भाई एक शिक्षक हैं, जबकि उनकी बहन होटल इंडस्ट्री में कार्यरत हैं।

पिता के अधूरे सपनों को पूरा करते हुए राहुल की यह सफलता पूरे परिवार के लिए गर्व का विषय बनी है। गांव और आसपास के इलाकों में लोग उनकी मेहनत और लगन की तारीफ कर रहे हैं। यह कहानी उन सभी युवाओं के लिए प्रेरणा है जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देखते हैं और उन्हें साकार करने के लिए अथक प्रयास करते हैं।

Admin