कारगिल विजय दिवस पर चमोली ने अमर शहीदों को किया नमन

कारगिल विजय दिवस पर चमोली ने अमर शहीदों को किया नमन

दिनांक : 2026-07-26 17:33:00

गोपेश्वर (चमोली)। कारगिल विजय दिवस (शौर्य दिवस) के अवसर पर रविवार को चमोली में अमर शहीदों के अदम्य साहस, त्याग और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। जिला पंचायत परिसर में आयोजित समारोह में कारगिल के वीर शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा उनके परिजनों, वीर नारियों और पूर्व सैनिकों को सम्मानित कर राष्ट्र की ओर से कृतज्ञता व्यक्त की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कारगिल शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती रहे। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि कारगिल के वीर सपूतों ने राष्ट्र की अखंडता और सम्मान की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका शौर्य और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।

समारोह में कारगिल युद्ध के शहीदों के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें शहीद नायक कृपाल सिंह के पुत्र अमित रावत, शहीद राइफलमैन सतीश चंद्र सती के पिता महिषानंद सती, शहीद सिपाही हिम्मत सिंह के भाई अव्वल सिंह, शहीद नायक आनंद सिंह के भाई खुशाल सिंह, शहीद नायक दिलबर सिंह के भतीजे रोहित सिंह तथा शहीद अमित नेगी के चाचा बलवंत सिंह शामिल रहे।

कारगिल युद्ध में वीरता का परिचय देने वाले पूर्व सैनिकों में हवलदार महेंद्र सिंह राणा, सूबेदार भरत सिंह नेगी, हवलदार अवतार सिंह रावत, ऑनरेरी नायब सूबेदार सोहन सिंह रावत, हवलदार बृजपाल सिंह कुंवर तथा ऑनरेरी कैप्टन दर्शन सिंह बिष्ट को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा अन्य सैन्य अभियानों में शहीद हुए जवानों के परिजनों एवं वीर नारियों शांति राणा, गोविंद राम पुरोहित, कुसुम सती, कमला बिष्ट, शकुंतला देवी और उखा देवी को भी सम्मानित किया गया।

सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कलम सिंह ने कारगिल युद्ध की विजय गाथा और भारतीय सेना के शौर्य पर प्रकाश डाला। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, समूह नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से वातावरण को राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत कर दिया।

कार्यक्रम में खेल एवं निबंध प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। वॉलीबॉल प्रतियोगिता में स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर की पिंक हॉस्टल टीम विजेता और रेड हॉस्टल टीम उपविजेता रही। वक्ताओं ने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला सैनिक परिषद के उपाध्यक्ष कर्नल हरेंद्र सिंह, कर्नल राजेश रावत आदि मौजूद रहे।

Admin